2027 की सियासी बिसात पर बस्ती का बड़ा दांव, पूर्व सांसद अरविंद चौधरी ने थामा भाजपा का दामन, समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंचकर बदला राजनीतिक पाला
500 गाड़ियों के काफिले की चर्चा के बीच सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिलाई सदस्यता, स्वतंत्र देव सिंह और दयाशंकर सिंह समेत दिग्गज रहे मौजूद, बस्ती के सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज

बस्ती/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बस्ती की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर वर्ष 2009 में बस्ती लोकसभा सीट से सांसद चुने गए पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व सांसद की भाजपा में एंट्री को महज एक राजनीतिक दल-बदल के रूप में नहीं, बल्कि बस्ती और पूर्वांचल की आगामी चुनावी राजनीति के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अरविंद चौधरी के लखनऊ पहुंचने के लिए करीब 500 गाड़ियों का काफिला निकला था। हालांकि, इस संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री दयाशंकर सिंह तथा ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने अरविंद चौधरी और उनके समर्थकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
बसपा से संसद तक का सफर, फिर भाजपा की ओर रुख
अरविंद कुमार चौधरी वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर बस्ती लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वर्ष 2014 तक उन्होंने सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर समाजवादी पार्टी से भी जुड़ा रहा। अब भाजपा में उनकी नई राजनीतिक पारी शुरू हुई है।
गौरतलब है कि अरविंद चौधरी का संबंध बस्ती के वर्तमान सपा सांसद रामप्रसाद चौधरी के परिवार से भी है। ऐसे में उनका भाजपा में शामिल होना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
किसके लिए क्या संकेत छोड़ गया यह सियासी घटनाक्रम?
अरविंद चौधरी की भाजपा में एंट्री के बाद बस्ती की राजनीति में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या भाजपा इस नए जुड़ाव के जरिए क्षेत्र में अपना सामाजिक और राजनीतिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है? क्या इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव के समीकरणों पर भी दिखाई देगा? और सबसे बड़ा सवाल यह कि उनके इस फैसले का उनके पुराने राजनीतिक सहयोगियों और समर्थकों पर क्या प्रभाव पड़ेगा?
फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन इतना तय है कि पूर्व सांसद की भाजपा में एंट्री ने बस्ती की सियासत में एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अरविंद चौधरी की नई राजनीतिक पारी आने वाले दिनों में क्या दिशा लेती है।
सियासत में दल बदलना नई बात नहीं, लेकिन चुनाव से पहले किसी पुराने राजनीतिक चेहरे की नई पारी हमेशा नए सवाल और नए समीकरण जरूर खड़े करती है।
संबंधित खबरें


छठ महापर्व पर उमा शंकर पटवा ने दीं शुभकामनाएं, बोले- अवसर मिला तो कप्तानगंज को बनाएंगे मॉडल विधानसभा
कहा- क्षेत्र के विकास की गति हुई शून्य, जनता की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए लगातार कर रहे जनसंपर्क





