गड्ढायुक्त हाईवे से नाराज युवाओं ने सड़क पर ही कर डाला हवन
मूड़घाट चौराहे पर अनोखा प्रदर्शन, गड्ढे को बनाया हवन कुंड; सवाल—सड़क की मरम्मत होगी या फिर गड्ढों की ही पूजा चलती रहेगी?

बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बने गड्ढों ने अब राहगीरों को इतना परेशान कर दिया है कि सड़क की मरम्मत की मांग भी अनोखे अंदाज में उठानी पड़ रही है। मंगलवार को मूड़घाट चौराहे पर युवाओं ने हाईवे के एक बड़े गड्ढे को ही हवन कुंड बना दिया और मंत्रोच्चार के बीच हवन कर व्यवस्था को आईना दिखाया।
ढिबरी चेरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य हवन सामग्री लेकर हाईवे पर पहुंचे। सड़क के गड्ढे में आम की लकड़ियां सजाई गईं, घी और हवन सामग्री डाली गई और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हवन किया गया। प्रदर्शन के इस अनोखे अंदाज को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 का यह हिस्सा हाल ही में बड़े स्तर पर जीर्णोद्धार के बाद सुधारा गया था, लेकिन बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे उभर आए। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सड़क की उम्र इतनी कम क्यों निकली?
कटाक्ष यही है कि जिस हाईवे पर लोगों को सुरक्षित सफर करना चाहिए, वहां अब गड्ढों में हवन करने की नौबत आ गई है। लोगों का कहना है कि अगर सड़क की मरम्मत समय रहते नहीं हुई तो ये गड्ढे सिर्फ वाहनों के लिए खतरा नहीं, बल्कि हादसों को न्योता बन सकते हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष आशुतोष ओझा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में रमाकांत पांडेय, विपुल पांडेय, धर्मेंद्र कन्नोजिया, अजय गौतम, आशुतोष शुक्ल, संदीप राजभर, अनुराग पांडेय, कौशल किशोर शुक्ल, शिव सागर शुक्ल, सुनील पांडेय और सुधीर मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और परिवहन मंत्रालय से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
अब देखना यह है कि हवन के धुएं के साथ जिम्मेदारों तक सड़क की बदहाली का संदेश पहुंचता है या फिर अगले कुछ दिनों में इन्हीं गड्ढों में एक और हवन की तैयारी करनी पड़ेगी।
संबंधित खबरें


बस्ती में ‘विवेकानंद 125’ यात्रा का युवाओं से संवाद, डॉ. निखिल यादव ने दिया चरित्र निर्माण का संदेश
कलवारी के जीएसपी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थी, युवा और शिक्षक हुए शामिल

