नम्रता मिश्रा के लिए मददगार बने मनीष मिश्रा, हर महीने 15 हजार रुपये देने का लिया संकल्प
दोनों किडनी खराब होने से कठिन दौर से गुजर रहीं नम्रता को मिला आर्थिक सहारा, मदद का भरोसा पाकर भावुक हुईं

बस्ती। मुश्किल वक्त में किसी जरूरतमंद का हाथ थामना ही इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल है। गंभीर बीमारी से जूझ रही नम्रता मिश्रा के जीवन में उस समय उम्मीद की किरण जगी, जब भाजपा नेता एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा ने उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। लंबे समय से बीमारी और आर्थिक संकट का सामना कर रहीं नम्रता के लिए यह पहल बड़ी राहत लेकर आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नम्रता मिश्रा की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। उन्हें सप्ताह में तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता है। नियमित उपचार और उससे जुड़े खर्च के बीच परिवार पहले से ही कई परेशानियों से जूझ रहा था। महाराष्ट्र में बना उनका आयुष्मान कार्ड बस्ती में इलाज के दौरान अप्रूव नहीं हो पा रहा था, जिससे उपचार संबंधी दिक्कतें भी बढ़ गई थीं। पति की खराब तबीयत और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते नम्रता के सामने चुनौतियां और गंभीर हो गई थीं।
ऐसे कठिन समय में उनके भाई शिवम मिश्रा ने उन्हें मनीष मिश्रा से मिलने की सलाह दी। शिवम को उम्मीद थी कि मनीष मिश्रा उनकी बहन की परेशानी समझेंगे और यथासंभव सहयोग करेंगे। भाई की सलाह पर नम्रता जीडी मिश्रा के आवास पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात मनीष मिश्रा से हुई। उन्होंने नम्रता की पूरी बात सुनी और उनकी परिस्थितियों को समझते हुए सहायता का भरोसा दिया।
मनीष मिश्रा ने अपने सहयोगी को निर्देश दिया कि नम्रता के बैंक खाते में प्रत्येक माह 15 हजार रुपये नियमित रूप से उनके निजी खाते से भेजे जाएं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सहायता निरंतर जारी रहनी चाहिए और इसके लिए नम्रता को बार-बार किसी से आग्रह न करना पड़े।
आर्थिक मदद का आश्वासन मिलने पर नम्रता भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने मनीष मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।
मनीष मिश्रा की यह पहल जरूरतमंद परिवारों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का उदाहरण है। गंभीर बीमारी के बीच नियमित आर्थिक सहयोग का भरोसा नम्रता के लिए मुश्किलों से लड़ने का संबल बना है। ऐसे प्रयास समाज में सहयोग, करुणा और परस्पर मदद की भावना को मजबूत करते हैं।
संबंधित खबरें


छठ महापर्व पर उमा शंकर पटवा ने दीं शुभकामनाएं, बोले- अवसर मिला तो कप्तानगंज को बनाएंगे मॉडल विधानसभा
कहा- क्षेत्र के विकास की गति हुई शून्य, जनता की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए लगातार कर रहे जनसंपर्क





