रुधौली में बिछाया सड़कों का जाल, संजय चौधरी ने गिनाईं 5 साल की विकास उपलब्धियां

बस्ती। कहते हैं कि किसी देश, राज्य या जिले के विकास की बुनियाद मजबूत सड़कों से तैयार होती है। सड़कें बेहतर हों तो गांवों की शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ती है और शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार तथा रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होती है। इसी कड़ी में बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दौरान सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर जिला पंचायत प्रशासक संजय चौधरी ने अपनी उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में करीब 90 से 100 कार्ययोजनाओं के माध्यम से विकास कार्य कराए गए हैं।
संजय चौधरी ने बताया कि पांच वर्षों के दौरान रुधौली विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और विकास के साथ-साथ पोखरों के सुंदरीकरण सहित विभिन्न जनहित के कार्य कराए गए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से जिले की सभी विधानसभाओं में भी विकास कार्य कराए गए हैं।
प्रमुख सड़कों और विकास कार्यों में नरखोरिया नाला, दसिया पोखरा, असुरैना पोखरा, कनेथू झील, भादी पोखरा, महुआ पोखरा, अलवाल जोत सड़क, महादेव घाट सौंदर्यीकरण, चंदोखा में सड़क तथा मझौवा लाल सिंह में सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों की जरूरत के अनुरूप विकास कार्य कराना है। उनके अनुसार, सड़क, जल निकासी, सुंदरीकरण और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
2027 को लेकर बोले संजय चौधरी
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय चौधरी ने कहा कि यदि पार्टी और शीर्ष नेतृत्व उन्हें अवसर देता है तो वह रुधौली विधानसभा की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को और गति देने के लिए उनकी प्राथमिकता जनता से जुड़े मुद्दे और क्षेत्र की मूलभूत जरूरतें होंगी।
