सरदार पटेल की जयंती पर मनीष मिश्रा ने प्रतिमा का कराया दुग्धाभिषेक, सामाजिक एकता के लिए 1 नवंबर से शुरू होगा लोहा संग्रह अभियान

बस्ती। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अमहट घाट स्थित उनकी प्रतिमा पर पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने दुग्धाभिषेक कर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
माल्यार्पण के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मनीष मिश्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की छोटी-बड़ी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयासों से बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर पहल संस्था ने बस्ती को जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठाकर सामाजिक एकता और समरसता के सूत्र में जोड़ने का संकल्प लिया है। इसी उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर से जनपदव्यापी लोहा संग्रह अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के तहत बस्ती के सभी स्कूलों में पहुंचकर लोगों से सरदार पटेल की प्रतिमा निर्माण के लिए प्रतीकात्मक रूप से लोहा मांगा जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ वह अपने पिता तुल्य सांसद राम प्रसाद चौधरी से लोहा प्राप्त कर करेंगे।
मनीष मिश्रा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। जब समाज के सभी वर्गों के लोग जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एक साझा उद्देश्य के लिए आगे आएंगे, तभी सामाजिक समरसता की मजबूत नींव तैयार होगी।
उन्होंने कहा कि बस्ती को सामाजिक एकता और सद्भाव का आदर्श जनपद बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर योगदान देना होगा। यह अभियान किसी एक व्यक्ति या वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज को जोड़ने का प्रयास है।
उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से यह पहल व्यापक स्वरूप ले सकती है और आने वाली पीढ़ियों को सरदार पटेल के एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के विचारों से प्रेरित कर सकती है।
संबंधित खबरें


छठ महापर्व पर उमा शंकर पटवा ने दीं शुभकामनाएं, बोले- अवसर मिला तो कप्तानगंज को बनाएंगे मॉडल विधानसभा
कहा- क्षेत्र के विकास की गति हुई शून्य, जनता की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए लगातार कर रहे जनसंपर्क





