शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज के गेट पर गंदगी के खिलाफ ABVP का स्वच्छता अभियान, प्रशासन से नियमित सफाई की मांग

बस्ती। शिवहर्ष किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बस्ती में लंबे समय से बंद पड़े एक गेट के सामने व्याप्त गंदगी और अव्यवस्था के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की गतिविधि विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) द्वारा गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व गोरक्ष प्रांत के प्रांत SFD संयोजक अमरेन्द्र पाण्डेय ने किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने गेट के आसपास जमा कूड़ा-कचरा हटाकर साफ-सफाई की और महाविद्यालय प्रशासन से नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के अनुसार, महाविद्यालय के एक महत्वपूर्ण गेट के सामने लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और झाड़ियां जमा थीं। इस समस्या के समाधान के लिए लगभग एक सप्ताह पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्या को ज्ञापन सौंपकर सफाई कराने की मांग की गई थी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसके बावजूद समस्या का समुचित समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद परिषद ने स्वयं स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
सफाई के लिए धन की कमी पर उठाए सवाल
परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन की ओर से साफ-सफाई के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई थी। इस पर परिषद ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संसाधनों की कमी बताई जा रही है, तो अन्य निर्माण कार्यों और सुविधाओं के लिए धन कैसे उपलब्ध हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की।
विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी: अमरेन्द्र पाण्डेय
प्रांत SFD संयोजक अमरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बार-बार समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद समाधान नहीं होने पर विद्यार्थी परिषद ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए स्वयं स्वच्छता अभियान चलाया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी परिषद महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवश्यकतानुसार चरणबद्ध आंदोलन भी किया जाएगा।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गेट के आसपास जमा कूड़ा-कचरा और झाड़ियों को हटाकर सफाई की। साथ ही महाविद्यालय प्रशासन से परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान प्रांत SFD संयोजक अमरेन्द्र पाण्डेय एवं तहसील संयोजक देवेंद्र सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें

यूजीसी रेगुलेशन 2026 और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की मांग को लेकर सत्याग्रह का 40वां दिन, कायस्थ पार्टी ने दिया समर्थन
गांधी जयंती पर धरनास्थल पहुंचे कायस्थ पार्टी के पदाधिकारी, आंदोलन में दिखा नारी शक्ति का प्रभाव, दीनदयाल तिवारी ने की सहयोग और समर्थन की अपील


बस्ती में भाजपा को लगातार सियासी झटके! कायस्थ समाज की नई गोलबंदी से 2027 के चुनावी समीकरणों में मचेगी हलचल?
बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोगों का सपा में शामिल होना बना चर्चा का विषय, अलग कायस्थ पार्टी के गठन और 100 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे से बढ़ी सियासी सरगर्मी
