लगातार बारिश से फसलों में रोगों का खतरा, किसानों को नियमित निगरानी की सलाह

बस्ती। लगातार बारिश से खेतों में नमी और वातावरण में आर्द्रता बढ़ने के कारण धान, मक्का, गन्ना, सब्जियों एवं दलहनी फसलों में विभिन्न रोगों का खतरा बढ़ गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा ने किसानों से फसलों की नियमित निगरानी करने तथा रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित नियंत्रण उपाय अपनाने की अपील की है।
धान: बैक्टीरियल ब्लाइट में कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50% WP 3 ग्राम + कासुगामाइसिन 3% SL 2 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव की सलाह है। शीथ ब्लाइट एवं फॉल्स स्मट के लिए प्रोपिकोनाजोल 25% EC 400 मिलीलीटर प्रति एकड़ तथा भूरा धब्बा रोग के लिए कार्बेन्डाजिम 400 ग्राम प्रति एकड़ की संस्तुति है।
मक्का: पत्ती झुलसा एवं बैंडेड लीफ-शीथ ब्लाइट के लक्षण दिखाई देने पर एजोक्सीस्ट्रोबिन 18.2% + डाइफेनोकोनाजोल 11.4% SC करीब 400 मिलीलीटर प्रति एकड़ का प्रयोग करें।
गन्ना: रेड रॉट, स्मट एवं रस्ट रोग की निगरानी करें। रोगग्रस्त पौधों को निकालकर नष्ट करें और जल निकासी की व्यवस्था रखें। आवश्यकता पर एजोक्सीस्ट्रोबिन 18.2% + डाइफेनोकोनाजोल 11.4% SC करीब 400 मिलीलीटर प्रति एकड़ का प्रयोग संबंधित फसल के पंजीकृत लेबल निर्देश के अनुसार करें।
सब्जियां: टमाटर में कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 3 ग्राम प्रति लीटर पानी अथवा मेटालेक्सिल 4% + मैन्कोजेब 64% WP 1.5 ग्राम प्रति लीटर की संस्तुति है। मिर्च में पत्ती धब्बा रोग के लिए क्लोरोथालोनिल 75% WP 2 ग्राम प्रति लीटर पानी का प्रयोग किया जा सकता है।
मूंग-उड़द: पत्ती धब्बा एवं चूर्णिल आसिता में टेबुकोनाजोल + ट्राइफ्लॉक्सीस्ट्रोबिन 1 ग्राम प्रति लीटर अथवा टेबुकोनाजोल 25% EC 1 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी का छिड़काव करें। आवश्यकता होने पर करीब 15 दिन बाद दूसरा छिड़काव किया जा सकता है।
कृषकों को जलभराव से बचाव, उचित जल निकासी तथा दवाओं की अनुशंसित मात्रा और लेबल निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। बिना तकनीकी सलाह के कई दवाओं को मिलाकर छिड़काव न करें। बारिश की संभावना में छिड़काव से बचें तथा मास्क, दस्ताने समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें।
संबंधित खबरें


भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा और विकास को मिली गति, पार्टी ने अवसर दिया तो बस्ती सदर की तस्वीर बदलने का करूँगी प्रयास सुषमा चौधरी
बस्ती सदर से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में सुषमा चौधरी, जनसंपर्क तेज



